यूपी विधानसभा चुनाव में पहले चरण का मतदान जारी है। पश्चिमी यूपी के 11 जिलों की 58 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। वोटिंग सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगी। पहले चरण में 623 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 73 महिलाएं हैं। इसके अलावा 9 मंत्री भी सियासी दंगल में हैं।
पहले चरण में कुल 2.27 करोड़ वोटर्स हैं। इसमें पुरुष 1.27 करोड़ और महिलाएं 1 करोड़ हैं। 2017 के चुनाव में इन 58 सीटों में भाजपा ने 53 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं, सपा-बसपा ने दो-दो और रालोद महज एक सीट जीत पाई थी।
सुबह से मतदान के लिए काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। धुंध और कोहरे के बावजूद वोटिंग करने के लिए लोग सुबह से ही कतारों में नज़र आए। नेता और मंत्रियों ने मतदान से पहले पूजा-अर्चना की और उसके बाद अपने बूथ पर पहुंच गए। आगरा में उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचीं तो मथुरा में यूपी के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा पत्नी के साथ वोटिंग करने पहुंचे।