भारत सरकार ऑपरेशन देवी शक्ति के तहत 110 लोगों को हिंसाग्रस्त अफगानिस्तान से नई दिल्ली ले आई है। शुक्रवार को एक स्पेशल फ्लाइट इन लोगों को लेकर काबुल से रवाना हुई और दोपहर को इसने दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड किया। भारत लाए गए लोगों में कुछ अफगान नागरिक भी हैं, ये सिख और हिंदू धर्म के अनुयायी हैं। ये लोग अपने साहब पवित्र गुरू ग्रंथ साहिब और हिंदू धर्म ग्रंथ जैसे रामायण-भगवद गीता भी लाए हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर इन्हें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रिसीव किया।
कुछ भारतीय अफगानिस्तान में फंसे थे
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 15 अगस्त को काबुल पर तालिबान के कब्जे के बाद कुछ भारतीय वहां फंस गए थे। इन्हें निकालने के लिए भारत सरकार लगातार कोशिश कर रही थी। शुक्रवार को इन्हें यहां लाया गया। वापस लाए गए लोगों में कुछ अफगान नागरिक भी शामिल हैं, हालांकि सरकार ने इनके बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी है। इनमें महिलाएं और बच्चे भी हैं। इंडिया वर्ल्ड फोरम ने भी इस बारे में जानकारी दी है।