छत्तीसगढ़ में महिला एवं बाल विकास विभाग में केवल महिला सुपरवाइजरों की भर्ती होने जा रही है। 200 पदों के लिए हो रही इस भर्ती की आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सीधी और परिसीमित दोनों तरह की भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 30 दिसंबर की आधी रात तक किया जा सकेगा। सीधी भर्ती के लिए 100 पद और परिसीमित भर्ती के लिए 100 पद आरक्षित किए गए हैं। परिसीमित पद के लिए केवल आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ही आवेदन कर सकती हैं।
व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने आवेदन के विस्तृत निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके मुताबिक इन सुपरवाइजर पद पर केवल छत्तीसगढ़ की मूल निवासी महिलाएं ही आवेदन कर पाएंगी। इसके लिए 30 दिसंबर को रात 11.59 बजे तक व्यावसायिक परीक्षा मंडल की वेबसाइट https://vyapam.cgstate.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदकों को 50 रुपए शुल्क के साथ 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक त्रुटि सुधार का समय दिया गया है। इसकी परीक्षा 23 जनवरी 2022 को दो पालियों में आयोजित की जानी है। पहली पाली में सुबह 9 बजे से 12.15 बजे तक खुली सीधी भर्ती के लिए होगी। दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से 5.15 बजे तक परिसीमित सीधी भर्ती के आवेदकों की परीक्षा ली जाएगी।