दक्षिण अफ्रीका में कोरोना का नया वैरिएंट B.1.1.529 मिला है। दक्षिण अफ्रीका, हॉन्ग-कॉन्ग और बोत्सवाना में इसके 50 कन्फर्म केस मिले हैं। भारत में अब तक इस नए वैरिएंट का कोई केस नहीं मिला है। इस सबके बीच अगले महीने भारतीय क्रिकेट टीम का दक्षिण अफ्रीकी दौरा शुरू हो रहा है।
17 दिसंबर से 26 जनवरी तक द. अफ्रीका के जोहान्सबर्ग, प्राल, केपटाउन और सेंचुरियन में कुल 10 मैच खेले जाने हैं। इनमें 3 टेस्ट मैच, 3 वनडे और 4 टी20 मैच होने हैं, लेकिन द. अफ्रीका में नए वैरिएंट से संक्रमण के मामले बढ़ने से चिंता बढ़ रही है। द. अफ्रीका में इस वक्त भी इंडिया ए टीम सीरीज खेल रही है।
मैचों पर पड़ सकता है असर
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले 10 मैचों में से 5 केपटाउन में, 3 पार्ल में और 1-1 मैच जोहान्सबर्ग और सेंचुरियन में खेला जाना है। जोहान्सबर्ग और सेंचुरियन शहर गॉटेंग प्रांत में आते हैं। गॉटेंग इस समय नए वैरिएंट से सबसे ज्यादा प्रभावित है।
केपटाउन और पार्ल शहर वेस्टर्न केप प्रांत में आते हैं। नए वैरिएंट के फोकस वाले क्षेत्रों में वेस्टर्न केप भी शामिल है। इनके अलावा क्वाजुलु नाटाल, ईस्टर्न केप में भी मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि यह सीरीज कैसे खेली जाएगी?