‘अब तुम्हारे हवाले वतन साथियों’ से नायिका के रूप में करियर की शुरुआत करने वाली दिव्या कुमार खोसला एक बार फिर चर्चा में हैं, अपनी ताजा-तरीन फिल्म ‘सत्यमेव जयते 2‘ से। इस फिल्म में वे जॉन अब्राहम की नायिका की भूमिका में हैं। ‘यारियां’ और ‘सनम रे’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुकी दिव्या ‘याद पिया की आने लगी’ और ‘तेरी आंखों में’ जैसे वीडियो अलबम से लोकप्रिय हुईं और अब वे अभिनय के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मन बना चुकी हैं। इस खास मुलाकात में वे अपनी फिल्म, करियर, जॉन अब्राहम, पति भूषण कुमार, बेटे और जेंडर इनइक्वेलिटी जैसे मुद्दों पर बात करती हैं।
दिव्या हाल ही में आपने अपना जन्मदिन मनाया। कैसा रहा ये बर्थडे?
आम तौर पर मैं अपनी सालगिरह अपने परिवार और दोस्तों के साथ मनाती हूं, मगर इस बार मेरा बर्थडे वर्किंग रहा। पिछले साल भी बर्थ डे पर मैं लखनऊ में ‘सत्यमेव जयते 2’ की शूटिंग कर रही थी। हम लखनऊ में गाना फिल्मा रहे थे और मेरे निर्देशक मिलाप जवेरी ने मुझे सरप्राइज करने के लिए सेट पर केक मंगाया था और मैंने अपना जन्म दिन सेट पर मनाया था। यह साल भी कुछ अलग नहीं रहा। चूंकि इसी हफ्ते मेरी फिल्म ‘सत्यमेव जयते 2’ रिलीज हो रही है, तो मैं लगातार फिल्म के प्रमोशन पर जुटी हूं। मैं उम्मीद करती हूं कि आने वाले समय में मैं अपने कई यादगार बर्थ डे सेलिब्रेट कर पाऊंगी .फिलहाल तो प्रमोशन जरूरी है।