नई दिल्ली
देश के सबसे बड़े डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म पेटीएम (Paytm) की पैरंट कंपनी One 97 Communications के शेयरों की गुरुवार यानी 18 नवंबर को शेयर बाजारों में लिस्टिंग होगी। यह देश का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ (IPO) है। 18,300 करोड़ रुपये के इस आईपीओ को 1.89 गुना बोलियां मिली थीं। यह 8 नवंबर को खुला था और 10 नवंबर को बंद हुआ था। क्यूआईबी कैटगरी में इसे 2.79 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स कैटगरी में 1.66 गुना बोलियां मिली थीं।
पेटीएम के आईपीओ को निवेशकों को बेसब्री से इंतजार था लेकिन इसे उम्मीद के मुताबिक सब्सक्रिप्शन नहीं मिला। पेटीएम के आईपीओ के तहत 8,300 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए गए और 10,000 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश (ओएफएस) लाई गई। एनआईआई कैटगरी में तो इसे केवल 24 फीसदी शेयरों के लिए ही बोलियां मिलीं। अब निवेशकों की उम्मीद इसकी लिस्टिंग पर टिकी है। लेकिन ग्रे मार्केट से उनके लिए अच्छी खबर नहीं आ रही है। लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट में कंपनी के अनलिस्टेड शेयरों का प्रीमियम केवल 30 रुपये चल रहा है।
ग्रे मार्केट प्रीमियम में लगातार गिरावट
IPO Watch और IPO Central के मुताबिक ग्रे मार्केट में पेटीएम का शेयर 2,150 रुपये के इश्यू प्राइस से 30 रुपये यानी 1.4 फीसदी प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इसकी कीमत में लगातार गिरावट आई है। यह स्टॉक 7 नवंबर को ग्रे मार्केट में 2,300 रुपये प्रति शेयर के भाव पर ट्रेड कर रहा था। यह इसके इश्यू प्राइस से 150 रुपये यानी 7 फीसदी अधिक है। आईपीओ के पहले दिन यानी 8 नवंबर को यह गिरकर 80 रुपये पर आ गया था जबकि इश्यू के अंतिम दिन यानी 10 नवंबर को यह प्रीमियम 40 रुपये रह गया।