इस्लामाबाद
पाकिस्तान की यात्रा पर पहुंचे तालिबान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी ने इमरान खान सरकार को बड़ा झटका दिया है। मुत्ताकी ने कहा कि अफगान जमीन पर कोई भी पाकिस्तान विरोधी तत्व मौजूद नहीं है। तालिबानी विदेशी मंत्री का बयान पाकिस्तान के उस दावे के ठीक उलट है जिसमें इमरान सरकार आरोप लगाती रहती है कि टीटीपी और बलूच विद्रोही अफगानिस्तान में रहते हुए पाकिस्तान में हमले कर रहे हैं।
मुत्ताकी ने शुक्रवार को इमरान खान से मुलाकात के बाद आश्वासन दिया कि वे अफगान जमीन का इस्तेमाल किसी भी देश के खिलाफ न हो, इसके लिए पूरा प्रयास कर रहे हैं। तालिबानी विदेश मंत्री 20 सदस्यीय दल के साथ पाकिस्तान के दौरे पर आए हैं। अफगान विदेश मंत्री ने इस बात की पुष्टि की कि उनकी सरकार ने सैकड़ों पाकिस्तानी बच्चों की जान लेने वाले तहरीक-ए-तालिबान और इमरान सरकार के बीच बातचीत शुरू कराई है।
तालिबानी मंत्री ने यह नहीं बताया कि आईएसआई का पालतू और अफगानिस्तान का गृहमंत्री बना सिराजुद्दीन हक्कानी इस बातचीत में क्या भूमिका निभा रहा है। सिराजु्द्दीन हक्कानी नेटवर्क का मुखिया है और तालिबान की जीत के लिए उसने भारी हिंसा की थी। इससे पहले पाकिस्तान के सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने ऐलान किया था कि टीटीपी और सरकार के बीच सीजफायर पर सहमति बन गई है।