ड्यूटी पर जाने के लिए हुआ तैयार, सोते साथियों पर बरसाई गोली

ड्यूटी पर जाने के लिए हुआ तैयार, सोते साथियों पर बरसाई गोली

नई दिल्ली/रायपुर
छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh News Update) की घटना पर सीआरपीएफ ने सोमवार को कहा कि अपने चार साथियों की गोली मारकर जान लेने और तीन अन्य को घायल करने वाला जवान कथित तौर पर ‘तनाव’ से गुजर रहा था, जिसकी वजह से अचानक उसने मानसिक संतुलन खो दिया। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के बस्तर क्षेत्र में सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन के एक कैंप में जवान रितेश रंजन ने अपने साथियों पर एके-47 राइफल से गोली चला दी थी, जिसमें चार जवानों की मौत हो गई है जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

वहीं, अधिकारियों और जवानों ने मौके पर पहुंच आरोपी जवान को किसी तरह काबू में किया। सीआरपीएफ प्रवक्ता ने कहा कि स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फिर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीआरपीएफ ने घटना के कारण का पता लगाने और उपचारात्मक उपाय के सुझाव देने के लिए जांच के आदेश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया, ऐसा प्रतीत होता है कि किसी तनाव के कारण कॉन्स्टेबल रितेश रंजन ने अचानक मनोवैज्ञानिक संतुलन खो दिया और गुस्से में आकर अपने सहकर्मियों पर गोलियां चला दीं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ के डीआईजी, 50वीं बटालियन (जहां गोलीबारी हुई) के कमांडेंट और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटना स्थल पर मौजूद हैं।

प्रवक्ता ने कहा कि सभी घायलों को आवश्यक उपचार मुहैया कराया गया है। जिन घायलों को अतिरिक्त उपचार की आवश्यकता है, उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, एक अन्य अधिकारी ने बताया कि आरोपी जवान को सुबह चार बजे संतरी पोस्ट पर ड्यूटी पर जाना था, लेकिन तैयार होने के तुरंत बाद ही उसने अपने साथी कर्मियों पर गोलियां चला दी, जो सो रहे थे। यह जानकारी शिविर में मौजूद अन्य जवानों ने दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *