क्रूज ड्रग्स केस और मंत्री नवाब मलिक के दामाद समीर खान की गिरफ्तारी समेत कुल 6 केस अब NCB के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े के हाथ से ले लिए गए हैं। इन केस की जांच अब NCB के DDG, ऑपरेशन संजय सिंह करेंगे। हालांकि, इन केस से समीर वानखेड़े को हटाया नहीं गया है, वे IPS संजय सिंह को लगातार इनमें सहयोग करते रहेंगे। इसकी पुष्टि NCB की मुंबई विंग ने एक आधिकारिक बयान में भी की है।
NCB ने संजय सिंह के अगुआई में एक SIT गठित की है। यह टीम आज ही दिल्ली से मुंबई पहुंच रही है। कहा जा रहा है कि नवाब मलिक की ओर से NCB पर लगाए आरोप के बाद अपनी साख बचाने के लिए NCB ने अपने सबसे तेजतर्रार अधिकारी को मैदान में उतारा है। कहा जा रहा है कि अब इन केस में कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
एनसीबी के उप महानिदेशक (उत्तर-पश्चिम क्षेत्र) मुथा अशोक जैन ने बताया कि यह कार्रवाई प्रशासनिक आधार पर की गई है और चूंकि इन छह मामलों के व्यापक और अंतरराज्यीय प्रभाव हैं, इसलिए उन्हें दिल्ली में ऑपरेशन यूनिट में स्थानांतरित कर दिया गया है। कई पर्सनल और सर्विस संबंधी आरोपों का सामना कर रहे वानखेड़े जोनल डायरेक्टर बने रहेंगे।
ड्रग्स मामले के एक्सपर्ट माने जाते हैं संजय सिंह
संजय सिंह 1996 बैच के ओडिशा कैडर के सीनियर IPS ऑफिसर हैं। उन्होंने कई अहम पद संभाले हैं। उन्हें ओडिशा पुलिस में एडिशनल कमिश्नर अपॉइंट किया गया था। इसके बाद उन्हें ओडिशा पुलिस में ही IG की जिम्मेदारी दी गई थी। उनके शानदार काम को देखते हुए सरकार ने उन्हें CBI में DIG के रूप में नियुक्त कर दिया। अभी वे NCB के ADG (ऑपरेशन) के पद पर हैं। संजय सिंह कई बड़े ड्रग्स केस की जांच कर चुके हैं। उन्होंने ड्रग्स केस एक्सपर्ट भी कहा जाता है। उन्होंने ओडिशा कमिश्नरेट में ड्रग-विरोधी टास्क फोर्स की अगुआई भी की है।