Google Analytics Meta Pixel
अब तक दिवाली पर एक खान की फिल्म रिलीज होती थी, इस साल एक खान रिलीज हुआ है

अब तक दिवाली पर एक खान की फिल्म रिलीज होती थी, इस साल एक खान रिलीज हुआ है

प्रोड्यूसर-डायरेक्टर रामगोपाल वर्मा ने आर्यन खान की जमानत पर तंज कसा है। वर्मा ने ट्वीट किया है कि हर साल दिवाली पर एक खान (की फिल्म की) रिलीज रहती है, इस साल भी एक खान रिलीज हुआ है। रामगोपाल वर्मा हमेशा अपने अलग अंदाज और बेबाक राय के लिए जाने जाते हैं। इस बार उनके निशाने पर आर्यन खान की जमानत का मामला आया।

शनिवार सुबह आर्यन खान आर्थर रोड जेल से रिहा होकर अपने घर मन्नत पहुंचे। आर्यन की जमानत और उनके घर पहुंचने को लेकर बॉलीवुड में दो तरह की राय बन रही है। ज्यादातर लोग इस मामले में शाहरुख खान और आर्यन के पक्ष में हैं, तो कुछ लोग इस पूरे मामले को अलग ही नजरिए से देख रहे हैं।

ये है रामगोपाल वर्मा का ट्वीट
रामगोपाल वर्मा ने अपने ट्वीट में लिखा है- ‘बॉलीवुड में दिवाली हमेशा एक खान रिलीज के लिए रिजर्व रहती है। इस साल भी ऐसा ही है, एक खान रिलीज हुआ है।’ दरअसल रामगोपाल वर्मा का इशारा था कि हर साल दिवाली पर अमूमन सलमान, शाहरुख या आमिर खान में से किसी एक की फिल्म रिलीज होती है। ज्यादातर दिवाली पर शाहरुख खान की फिल्में ही रिलीज होती रही हैं।

पीयूष मिश्रा ने कहा था, जो जैसा करेगा, वैसा भुगतेगा
बॉलीवुड एक्टर और दिल से फिल्म में शाहरुख के को-एक्टर रहे पीयूष मिश्रा का भी आर्यन मामले में जवाब कुछ तल्खी भरा ही था। जब आर्यन की गिरफ्तारी और बेल के मामले में मीडिया ने उनसे रिएक्शन मांगा तो पीयूष ने जवाब दिया, ‘मेरा रिएक्शन क्या होगा? किया उसने, उसको जमानत मिल गई, बाहर आ गया वो। अब शाहरुख खान जाने, उनका बेटा जाने या समीर वानखेड़े जाने। मुझे उससे क्या मतलब है? ठीक है हो गया। जो किया है, वो भुगतेंगे आप। अपने अपने बच्चों को संभालें, बस यही है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *