अगर आप भी प्याज खाने के शौकीन हैं, तो जरा सावधान हो जाएं। क्योंकि प्याज से साल्मोनेला फैलने की हालिया घटना ने दुनियाभर में एक डर पैदा कर दिया है। खासतौर से अमेरिका में इन दिनों सेल्मोनेला का प्रकोप काफी बढ़ गया है। अमेरिका के 37 राज्यों में करीब 652 लोग बीमार पड़ चुके हैं और 129 लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की नौबत आ गई है।
सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल (CDC ) ने इसके लिए प्याज को जिम्मेदार ठहराया है। उसने कहा है कि लाल, सफेद और पीले रंग की प्याज इस प्रकोप का कारण है। लोगों को हमारी सलाह है कि न तो ऐसी प्याज खरीदें और न ही खाएं। बेहतर होगा आप ऐसी प्याज फेंक दें , जिसमें स्टिकर या पैकेजिंग न हो।
साल्मोनेला एक प्रकार का बैक्टीरिया है, जो भोजन से जुड़ी बीमारियों का कारण बनता है। इस बैक्टीरिया से दूषित खाद्य पदार्थ खाने से आंतें बुरी तरह से प्रभावित होती हैं, जिससे पेट से संबंधित समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।
बैक्टीरिया की वजह से होने वाली बीमारियों को साल्मोनेलोसिस कहा जाता है। इस तरह के बैक्टीरिया आमतौर पर जानवरों और मनुष्य की आंतों में पाए जाते हैं। सबसे बुरी बात ये है कि इस बैक्टीरिया को न तो सूंघा जा सकता है, और न ही देखा जा सकता है, इसलिए इनकी उपस्थिति का पता लगाना बेहद मुश्किल है।