शुगर लेवल भी बढ़ा, SIT ने पूछताछ रोकी

शुगर लेवल भी बढ़ा, SIT ने पूछताछ रोकी

लखीमपुर हिंसा मामले में आरोपी और केंद्रीय मंत्री के बेटे आशीष मिश्र को डेंगू हो गया है। उसका शुगर लेवल भी काफी बढ़ गया है। बता दें SIT ने शुक्रवार को आशीष को दोबारा दो दिन की रिमांड पर लिया था। हालांकि, अब उसकी तबीयत को देखते हुए पूछताछ को रोक दिया गया है। पुलिस कस्टडी आज 24 अक्टूबर शाम 5 बजे तक थी, लेकिन रिमांड खत्म होने से पहले ही आशीष को जेल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

बैलेस्टिक रिपोर्ट का SIT को इंतजार
SIT टीम अभी तक मुख्य आरोपी आशीष मिश्र से यह नहीं उगलवा सकी है कि वह हिंसा के वक्त मौके पर मौजूद था। हालांकि, सभी सबूत इशारा कर रहे हैं कि वह मौके पर था। अब तक की जांच की बात करें तो पुलिस को फॉरेंसिक लैब से आशीष और अंकित दास के असलहों की बैलिस्टिक रिपोर्ट, बीटीएस टावर से सिग्नल कंजेशन रिपोर्ट, मोबाइल फोन की साइबर रिपोर्ट मिलनी बाकी है। इसके बाद ही आशीष की घटनास्थल पर मौजूदगी और उसकी भूमिका तय हो सकेगी।

अब तक 13 लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी
लखीमपुर हिंसा मामले में क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को तीन और आरोपियों को पकड़ा है। ये तीनों किसानों को कुचलने वाली थार जीप के पीछे स्कॉर्पियो में थे। इनकी पहचान मोहित त्रिवेदी, धर्मेंद्र सिंह और रिंकू राणा के रूप में हुई। ये तीनों मुख्य आरोपी आशीष मिश्र के करीबी हैं। घटना के चश्मदीद सुमित जायसवाल के बाद इन तीनों की गिरफ्तारी को बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *