कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार को योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- भाजपा सरकार किसानों पर NSA (नेशनल सिक्योरिटी एक्ट) लगाएगी, किसानों को धमकाएगी, लेकिन किसानों को MSP नहीं देगी। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में किसान 900-1000 रुपए प्रति क्विंटल का नुकसान उठाकर धान बेचने को मजबूर हैं। यह अन्याय है। MSP किसानों का हक है। कांग्रेस पूरी मजबूती से उनके इस हक के लिए लड़ेगी।
दरअसल, प्रियंका ने UP के ADG लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार के बयान पर पलटवार किया है। सोमवार को लखीमपुर हिंसा को लेकर किसानों ने रेल रोको आंदोलन किया था। इस पर ADG प्रशांत कुमार ने कहा था कि यदि किसी ने कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेने का प्रयास किया तो सख्त कार्रवाई होगी। NSA भी लगाया जाएगा।
प्रियंका सोमवार रात दिल्ली से लखनऊ पहुंची थीं। सूत्रों के मुताबिक, आज प्रियंका गांधी UP विधानसभा चुनाव के टिकट बंटवारे में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण का ऐलान कर सकती हैं। इसके अलावा लखीमपुर हिंसा पर मंत्री अजय मिश्र की बर्खास्तगी का मुद्दा भी एक बार फिर उठा सकती हैं।
‘उप्र में आजकल कोई सुरक्षित नहीं’
प्रियंका गांधी ने सोमवार को शाहजहांपुर जिले में अदालत परिसर के भीतर एक वकील की हत्या को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था- आजकल उप्र में कोई सुरक्षित नहीं है। चाहे वो महिलाएं हों, किसान हों और या फिर वकील ही क्यों न हों।