टी-20 वर्ल्ड कप में 24 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करने से पहले आज भारतीय टीम का सामना वार्म अप मैच में इंग्लैंड के साथ होगा। दोनों टीमों के बीच ये मैच दुबई के मैदान पर खेला जाएगा। इंग्लैंड के खिलाफ अभ्यास मैच में भारतीय टीम के पास कई सवालों के जवाब तलाशने का बढ़िया मौका रहेगा। साथ ही कप्तान विराट कोहली की नजरें ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की गेंदबाजी और सही टीम कॉम्बिनेशन बनाने की होगी।
कब, कहां और कैसे देखें वॉर्म अप मुकाबला?
भारतीय टीम के दोनों वार्म अप मैच अलग-अलग टाइम पर हैं। पहला वार्म अप मैच आज शाम 7 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा। वहीं, टीम इंडिया का दूसरा वार्म अप मैच दोपहर साढ़े तीन बजे खेला जाएगा। ये मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा। दोनों मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। आप मैच हिंदी व इंग्लिश कमेंट्री दोनों में देख सकते हैं।
क्या पंड्या करेंगे गेंदबाजी
हार्दिक पंड्या की फिटनेस पर लगातार सवालिया निशान बने हुए हैं। दरअसल, IPL फेज-2 के दौरान हार्दिक को एक ओवर भी गेंदबाजी करते नहीं देखा गया था और माना जा रहा है कि वर्ल्ड कप के दौरान भी वह एक बल्लेबाज के रूप में ही खेलते नजर आएंगे।
हालांकि, अगर पंड्या को प्लेइंग इलेवन का टिकट कटाना है तो उनको गेंदबाजी करनी होगी। वैसे गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी हार्दिक अच्छी लय में नहीं हैं। फेज-2 में एक मुकबले को छोड़ दिया जाए तो पूरे UAE सीजन में पंड्या 25 की औसत से सिर्फ 75 रन ही बना सके।