नवजोत सिद्धू को कांग्रेस आलाकमान से पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर काम करने के निर्देश मिले हैं। सिद्धू गुरुवार शाम नई दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे थे। मुख्यालय से निकलते समय मीडिया से बात करते हुए सिद्धू ने कहा कि उन्होंने पार्टी हाईकमान के सामने पंजाब और प्रदेश कांग्रेस के संबंध में अपनी प्राथमिकताएं रखी हैं।
सिद्धू बोले- उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर पूरा भरोसा है। वे जो भी निर्णय लेंगे, कांग्रेस और पंजाब की बेहतरी के लिए ही होगा। उनके निर्देशों को वह फॉलो करेंगे।
वहीं पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत ने मीडिया से बात करते हुए जानकारी दी कि नवजोत सिद्धू ने स्पष्ट तौर पर कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का निर्णय उन्हें स्वीकार है। निर्देश स्पष्ट है कि सिद्धू पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर काम करें और संगठनात्मक ढांचा तैयार करें। रावत ने कहा कि इस संबंध में कल औपचारिक घोषणा होगी।
दिल्ली पहुंचते ही कांग्रेस मुख्यालय में दाखिल हुए
इससे पहले नवजोत सिद्धू गुरुवार शाम नई दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे और बिना किसी से बात किए सीधे अंदर चले गए। सिद्धू की कांग्रेस के पंजाब प्रभारी हरीश रावत और राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ बैठक हुई।
इस दौरान सिद्धू की पंजाब सरकार से नाराजगी के अलावा प्रदेश में संगठन के विस्तार पर चर्चा हुई। पंजाब में नई कैबिनेट के शपथ लेने के बाद अब पार्टी हाईकमान का पूरा फोकस साढ़े 4 महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव पर है। चुनाव से पहले सिद्धू को संगठन मजबूत करने की हिदायतें दी गई हैं।