छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को कांग्रेस का स्टार प्रचारक बनाया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय दफ्तर से जारी किए गए आदेश में सबसे पहला नाम भूपेश बघेल का है। आदेश में लिखा गया है कि हिमाचल प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव में चुनाव प्रचार के लिए 20 प्रमुख कांग्रेस नेताओं को जिम्मा सौंपा गया है। इसमें नवजोत सिंह सिद्धू, पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, राज बब्बर और कन्हैया कुमार का नाम है।
हाल ही में बघेल को मिला था एक और अहम जिम्मा
यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने के ऐलान के बाद कांग्रेस पार्टी पूरी तरह तैयारियों में जुटी है। शनिवार को कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देश पर महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इन्हें नियुक्त किया है। खास बात यह है कि भूपेश चुनावी रणनीति के कुशल रणनीतिकार माने जाते हैं। ये पिछड़ा वर्ग से आते हैं। छत्तीसगढ़ में 15 साल बाद कांग्रेस सरकार लाने में इनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।