आज यानी 8 अक्टूबर को रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति कमिटी (MPC) की 3 दिवसीय बैठक खत्म हो गई है। RBI ने रेपो रेट 4% पर और रिवर्स रेपो रेट 3.35% पर बरकरार रखा है। यह लगातार 8वीं बार है जब दरों को जस का तस रखा गया है। इससे पहले मई 2020 में रेपो रेट को घटाया गया था। इसके अलावा RBI ने इमीडिएट पेमेंट सर्विस (IMPS) लिमिट 2 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपए कर दी है।
IMPS से 24 घंटे पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं
IMPS की लोकप्रियता काफी तेजी से बढ़ रही है। IMPS को नेशनल पेमेंट सिस्टम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) चलाता है। IMPS से 24 घंटे पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं। अभी तक IMPS के जरिए एक दिन में 2 लाख रुपए तक ट्रांसफर करने की लिमिट थी। अब इसके जरिए 5 लाख रुपए तक एक दिन में ट्रांसफर कर सकते हैं। इसे इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग ऐप, बैंक की ब्रांच, ATM, SMS और IVRS के जरिए कर सकते हैं। इसके जरिए ट्रांसफर किया गया पैसा कुछ ही देर में दूसरी पार्टी के पास पहुंच जाता है।
IPMPS के जरिए शेड्यूल पेमेंट भी कर सकते हैं। अगर आप किसी को आगे की तारीख के लिए पैसा भेजना चाहते हैं तो आप तारीख और समय सेट कर सकते हैं। फिर उस दिन उसी समय पर ऑटोमैटिक यह पैसा ट्रांसफर हो जाएगा।