टूरिस्ट बस ट्रक से टकराई, 9 यात्रियों की मौके पर ही मौत, 27 घायल

टूरिस्ट बस ट्रक से टकराई, 9 यात्रियों की मौके पर ही मौत, 27 घायल

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में गुरुवार को टूरिस्ट बस और ट्रक की टक्कर में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 27 घायल हैं। इनमें कई गंभीर हैं। ऐसे में मौतों की संख्या बढ़ सकती है। सभी घायलों को अस्पताल शिफ्ट कराया गया है। बस दिल्ली से बहराइच जा रही थी। इसमें 60-70 यात्री थे। हादसा देवा इलाके में बबुरी गांव के पास तड़के 4 बजे के करीब हुआ। प्रशासन ने घायलों की जानकारी के लिए कंट्रोल रूम नंबर- 9454417464 जारी किया है।

पुलिस ने बताया कि बस की स्पीड तेज थी और सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने में ट्रक और बस की टक्कर हुई है। हालांकि, एक घायल महिला यात्री ने आरोप लगाया कि बस वाले शराब के नशे में थे। उसका इशारा ड्राइवर और कंडक्टर की तरफ था।

JCB की मदद से बस और ट्रक को अलग किया
बाराबंकी SP यमुना प्रसाद ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। ट्रक में बालू लदी थी। मौके पर JCB बुलाई गई। इसकी मदद से बस और ट्रक को अलग किया गया। कई शव और यात्री बुरी तरह से फंस गए थे। 9 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। गैस कटर से गाड़ियों को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान की कोशिश की जा रही है।

घायल महिला बोली- बस वालों ने पी रखी थी शराब
बस में सवार महिला यात्री शारदा भी हादसे में जख्मी हुई हैं। उन्होंने बताया कि बस वाले (ड्राइवर और कंडक्टर) शराब पी रहे थे। उन लोगों ने दूसरों को शराब पीने से मना कर दिया था, लेकिन खुद चोरी से पी ली थी। सुबह अचानक हादसा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *