भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के नेता कन्हैया कुमार आज कांग्रेस में शामिल होंगे। उनके साथ गुजरात के दलित कार्यकर्ता और विधायक जिग्नेश मेवानी के भी कांग्रेस में आने की चर्चा है। दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम में इन्हें राहुल गांधी कांग्रेस की सदस्यता दिलवाएंगे और इस दौरान पाटीदार नेता हार्दिक पटेल भी मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि कई राज्यों में बागियों से परेशान कांग्रेस अब युवाओं पर दांव खेल रही है।
कन्हैया के कांग्रेस जॉइन करने की अटकलें पिछले काफी समय से चल रही थीं। पिछले हफ्ते CPI महासचिव डी. राजा ने उनसे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अफवाहों को खारिज करने को कहा था। दिल्ली में पार्टी के दफ्तर में केंद्रीय नेता उनका इंतजार कर रहे थे, पर कन्हैया नहीं पहुंचे और पार्टी नेताओं के मैसेज और फोन कॉल्स का जवाब भी नहीं दिया। कन्हैया और जिग्नेश ने पिछले दिनों राहुल गांधी से मुलाकात भी की थी।
देश विरोधी नारेबाजी से चर्चा में आए थे कन्हैया
कन्हैया कुमार 2016 में JNU में हुई कथित देश विरोधी नारेबाजी से पहली बार चर्चा में आए थे। उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वे आजादी-आजादी के नारे लगा रहे थे। इस विवाद के वक्त कन्हैया कुमार JNU में छात्रसंघ अध्यक्ष थे। फिर 2019 में लोकसभा चुनाव से पहले वे CPI में शामिल हो गए थे। उन्होंने बेगूसराय से लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन बीजेपी के गिरिराज सिंह से हार गए।