रायपुर
बिलासपुर (Bilaspur News Update) से एक तस्वीर सामने आई थी। इस तस्वीर दो बच्चे सड़क किनारे बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। बच्चों को इनके पिता पढ़ा रहे थे। बगल में एक रिक्शा खड़ी थी। यह रिक्शा इन बच्चों का आशियाना था। अतिक्रमण में झोपड़ी टूट गई थी। ऐसे में बिलासपुर के गणेश साहू ने रिक्शा को ही घर बना लिया और बच्चों की पढ़ाई सड़क किनारे ही शुरू करवा दी। मां पहले ही गुजर गई है। वायरल तस्वीर पर सीएम भूपेश बघेल की नजर पड़ी तो उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए बिलासपुर कलेक्टर को मदद के निर्देश दिए।
सीएम की संवेदनशीलता की वजह से इन बच्चों को भविष्य सुरक्षित हो गया है। साथ ही इन्हें स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी विद्यालय में दाखिला भी मिल गया है। इसके अलावे परिवार को रहने के लिए छत भी मिल गई है। सीएम को खबरों के माध्यम से आठ वर्ष की बालिका कुमारी गंगा साहू और छह वर्ष के बालक अरूण साहू के बारे में पता चला था।
इसके बाद सीएम बघेल ने तुरंत बिलासपुर कलेक्टर डॉ. सारांश मित्तर को निर्देश दिए कि इन बच्चों के लिए तत्काल शिक्षा और इनके परिवार के लिए आवास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सीएम के निर्देश के बाद कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को इस संबंध में निर्देश दिया। इसके बाद स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल लिंगियाडीह में बालिका गंगा को कक्षा दूसरी में और बालक अरूण साहू को कक्षा पहली में गुरुवार को ही प्रवेश दिला दिया गया है।