कोरोना महामारी के कारण 2 मई को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-2021) का सफर थम गया था। अब 140 दिन के ब्रेक के बाद UAE में इस टूर्नामेंट को पूरा किया जाएगा। शुरुआत हो रही है डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबले से।
भारतीय टाइमिंग के अनुसार रविवार शाम 7ः30 बजे शुरू होने वाले इस मुकाबले में दोनों टीमों के लिए काफी कुछ दांव पर होगा। अगर चेन्नई की टीम जीती तो वह पॉइंट टेबल में दिल्ली कैपिटल्स को पीछे छोड़कर नंबर-1 पर आ जाएगी।
सीजन के पिछले मुकाबले में जीती थी मुंबई की टीम
IPL-2021 में इन दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत में मुंबई इंडियंस ने 4 विकेट से जीत हासिल की थी। चेन्नई ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 218 रन बनाए थे। जवाब में मुंबई ने 6 विकेट खोकर जीत के टारगेट को हासिल कर लिया था। यह मुंबई की टारगेट चेज करते हुए सबसे बड़ी जीत थी। इससे पहले उसने 2017 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 199 रन चेज किए थे।
मुंबई ने चेन्नई को पिछले 9 मैच में 7वीं बार हराया। कीरोन पोलार्ड ने 34 बॉल पर 87* रन की ताबड़तोड़ पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। उन्होंने सिर्फ 17 बॉल पर फिफ्टी पूरी की। यह सीजन की सबसे तेज फिफ्टी भी रही।