पश्चिम बंगाल की तीन विधानसभा सीटों पर 30 सितंबर को उपचुनाव हैं। सबसे ज्यादा चर्चा भवानीपुर सीट की है, क्योंकि यहां से खुद CM ममता बनर्जी उम्मीदवार हैं। ममता के लिए ये चुनाव करो या मरो जैसा है, क्योंकि चुनाव हार पर उन्हें CM पद भी छोड़ना होगा।
BJP ने उनके खिलाफ 40 साल की प्रियंका टिबरेवाल को उतारा है। प्रियंका अगस्त 2020 से पश्चिम बंगाल भारतीय जनता युवा मोर्चा की उपाध्यक्ष हैं। चुनाव के बाद प्रदेश में हुई हिंसा को लेकर उन्होंने लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी, जिससे कई पीड़ित घरों तक वापस आए। इसी के चलते BJP ने उन्हें ममता के खिलाफ अपना उम्मीदवार बनाया है, क्योंकि इस चुनाव में पोस्ट पोल वायलेंस और बेरोजगारी ही BJP के दो सबसे बड़े मुद्दे हैं। अपने बेहद बिजी शेड्यूल के बीच प्रियंका ने भास्कर से बातचीत करके तमाम मुद्दों पर अपनी राय रखी। पढ़िए उनका ये इंटरव्यू।
सवाल : भवानीपुर ममता बनर्जी का घर है। वो 2011, 2016 में वहां से विधानसभा चुनाव जीती हैं। ऐसे में इस बार BJP को ऐसा क्यों लग रहा है कि ममता हार जाएंगी?
जवाब : आप लोकसभा का रिजल्ट देख लीजिए। लोकसभा में भवानीपुर में BJP, TMC से आगे थी। ममता बनर्जी का जो खुद का बूथ है, उसमें भी 350 से ज्यादा वोटों से BJP जीती थी। इससे ये साबित होता है कि भवानीपुर BJP के साथ है।
रही विधानसभा चुनाव की बात तो उसमें कोविड के कारण बनी सिचुएशन के चलते हमारी हार हुई। TMC ने जिस तरह से कोविड का प्रचार किया, उससे बहुत से लोग वोटिंग के लिए निकले ही नहीं। इसलिए हार हुई।