अनार सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है जो तमाम तरह के जरूरी पोषक तत्वों से समृद्ध है। अनार के पौधे का वैज्ञानिक नाम पुनिका ग्रेनाटम है, जो अपने स्वादिष्ट और औषधीय फलों के लिए जाना जाता है। लेकिन क्या आपको पता है कि इस पेड़ के पत्ते भी हमारे लिए बहुत लाभकारी होते हैं। जी हां, अनार के पेड़ की पत्तियां उपयोगी औषधीय गुणों से भरपूर छोटी और चिकनी होती हैं। अनार के पौधे के हर हिस्से का औषधीय रूप से प्रयोग किया जा सकता है, चाहे वह अनार के पत्ते, फूल, फल, छिलके या यहां तक कि छाल ही क्यों न हो। बहरहाल, यहां हम आपको अनार के पेड़ के पत्तों के लाभों के बारे में जानकारी दे रहे हैं…
ओरियन ग्रीन की फाउंडर और पर्यावरण प्रेमी नीता उपाध्याय बताती हैं कि अनार के पत्तों का प्रयोग कई तरह की सामान्य बीमारियां दूर करने में किया जाता है। इनके जरिए पीलिया, दस्त, पेट दर्द और अनिद्रा का इलाज किया जाता है। इसके पत्तों का काढ़ा फैट लॉस में भी सहायक है।
अनार के पत्तों में मौजूद फायदेमंद एंटी-बैक्टीरियल और एंटीऑक्सीडेंट गुण मुंह में मौजूद बैक्टीरिया को खत्म करने में मदद करते हैं। ऐसे में आप अनार के पत्तों के रस का इस्तेमाल मुंह के छालों के इलाज के लिए भी कर सकते हैं।
अनार के पत्ते इम्यूनिटी को बढ़ाने और खांसी-जुकाम का इलाज करने में मदद करते हैं। अगर आप या कोई भी सदस्य सर्दी-खांसी से पीड़ित है तो अनार के पत्तों का काढ़ा बनाकर पिए। इसके लिए आपको अनार के पत्तों को अच्छे से धोकर पानी में उबालना है। इस पानी को दिन में दो बार पिएं। यह खांसी से राहत दिलाते हुए आपके गले में मौजूद संक्रमण को दूर करने में मदद कर सकता है। साथ ही अनार में एंटी इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं और इसमें विटामिन सी होता है।