देश में वैक्सीनेशन का कवरेज सोमवार को 75 करोड़ के पार हो गया। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने यह जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान लगातार नए आयाम गढ़ रहा है। आजादी के 75वें साल में देश ने 75 करोड़ वैक्सीनेशन का आंकड़ा पार कर लिया है। अब तक देश में 42% से ज्यादा आबादी को पहला डोज लग चुका है। 13% से ज्यादा दोनों डोज लगवा चुके हैं।
भारत में वैक्सीनेशन की तेज रफ्तार की वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन ने भी तारीफ की है। उसने बधाई देते हुए कहा कि भारत सिर्फ 13 दिन में 65 करोड़ से 75 करोड़ डोज तक पहुंच गया। यानी भारत ने पिछले 13 दिन में ही 10 करोड़ डोज लगाए हैं।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
तमिलनाडु विधानसभा में NEET खत्म करने का बिल पास
तमिलनाडु विधानसभा में नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) खत्म करने का बिल सोमवार को पास हो गया। अब राज्य में MBBS-BDS में एडमिशन 12वीं के अंकों के आधार पर होंगे। भाजपा को छोड़कर तमिलनाडु की किसी भी पार्टी ने इस बिल का विरोध नहीं किया।