Google Analytics Meta Pixel
छत्तीसगढ़ में शुरू होगी बैडमिंटन अकादमी, सीएम भूपेश बघेल ने किया ऐलान

छत्तीसगढ़ में शुरू होगी बैडमिंटन अकादमी, सीएम भूपेश बघेल ने किया ऐलान

रायपुर
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार को राज्य में बैडमिंटन अकादमी शुरू करने का ऐलान किया। सीएम बघेल ने आज रायपुर में अपने निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधियों और खिलाड़ियों के साथ प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने, खेल सुविधाओं के विकास और खेल प्रतिभाओं को निखारने को लेकर विचार-विमर्श किया।

सीएम बघेल ने इस मौके पर राज्य में बैडमिंटन अकादमी शुरू करने की घोषणा की। बैठक में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल भी वर्चुअल रूप से जुड़े। बैठक में खिलाड़ियों और खेल संघों के अधिकारियों ने अनेक उपयोगी सुझाव भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेल सुविधाओं की बढ़ोतरी और खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए छत्तीसगढ़ खेल विकास प्राधिकरण का गठन किया गया है। इस प्राधिकरण की समिति में जल्द ही खिलाड़ियों की नियुक्ति की जाएगी।

सभी खेल संघों से उनके खेल से संबंधित कोच रखने का किया आग्रह
उन्होंने कहा कि राज्य के बड़े उद्योगों को स्टेडियम के रख-रखाव और कोच की नियुक्ति सहित खिलाड़ियों के लिए आवासीय सुविधा और डाइट की जिम्मेदारी दी जाएगी। सीएसआर मद से उद्योगों के जरिए ये सभी व्यवस्थाएं की जाएंगी। सीएम बघेल ने कहा कि उद्योगों के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कोचों को कॉन्ट्रेक बेस पर रखा जा सकता है। उन्होंने सभी खेल संघों से उनके खेल से संबंधित कोच रखने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को निखारने में कोच की महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस और वन विभाग के समान अन्य विभागों में खिलाड़ियों को नियुक्ति का प्रावधान करने के लिए राज्य सरकार की ओर से विचार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *