मानसून की अब तक की सबसे तेज बरसात ने रायपुर शहर की जलनिकासी व्यवस्था की नाकामियों की तस्वीर दिखा दी है। दोपहर बाद हुई एक घंटे की तेज बारिश से रायपुर शहर की मुख्य सड़कें लबालब हो गईं। उफनाए नालों का पानी बस्तियों, कॉलोनियों और घरों में भर गया। कई निचले इलाकों में हालात चिंताजनक हो गए।
रायपुर में दोपहर दो बजे के बाद बरसात तेज हुई। करीब 3 बजे तक शहर का जयस्तंभ चौक जलमग्न हो चुका था। जीई रोड पर पूरी तरह पानी भरा था। नगर घड़ी चौक पर घुटनों तक पानी बह रहा था। राजा तालाब, प्रोफेसर कॉलोनी, अवंति विहार, जल विहार कॉलोनी, रेलवे स्टेशन रोड, विशाल नगर, समता कॉलोनी, चौबे कॉलोनी, जगन्नाथ नगर, बांसटाल, मोदहापारा जैसे क्षेत्रों में लोगों के घरों में पानी घुस गया। गलियों में घुटनों से ऊपर पानी था। मोदहापारा की सड़क को तो दुर्घटना की आशंका में बंद कर दिया गया। आवाजाही एकदम से बंद हो गई। इसकी वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। मौसम विभाग के मुताबिक शाम 5 बजे तक रायपुर में 30 मिलीमीटर से अधिक पानी बरस चुका था।