ओवल टेस्ट 157 रन से जीतकर भारतीय टीम ने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में न सिर्फ जोरदार वापसी की बल्कि सीरीज में 2-1 की अहम बढ़त भी बना ली। दोनों टीमों के बीच अब अंतिम और पांचवां मुकाबला 10 सितंबर से ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर के मैदान पर खेला जाएगा।
मैनचेस्टर में आज तक नहीं जीता भारत
इंग्लैंड के दौरे पर अभी तक टीम इंडिया ने शानदार खेल दिखाया है। लॉर्ड्स के बाद ओवल में मिली जीत से टीम के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास भी काफी बढ़ा हुआ है, लेकिन मैनचेस्टर के मैदान पर टीम का ट्रैक रिकॉर्ड बहुत ही खराब रहा है। भारत ने इस मैदान पर पहला टेस्ट 1936 में खेला था और अभी तक खेले 9 टेस्ट मैचों में टीम को एक में भी जीत नसीब नहीं हुई है, जबकि चार मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है और 5 मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए।
वहीं, इंग्लैंड ने मैनचेस्टर में खेले 81 मैचों में 31 में जीत दर्ज की है, जबकि 15 में टीम को हार मिली है और 35 मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं। मैनचेस्टर टेस्ट अगर ड्रॉ रहा या टीम इंडिया जीतने सफल रही तो साल 2007 के बाद भारत इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीतने में कामयाबी हासिल करेगा।
आखिरी बार पारी से हारा था भारत
2014 में भारतीय टीम ने इस मैदान पर महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में आखिरी टेस्ट मैच खेला था और टीम को पारी और 54 रन से हार मिली थी। भारत ने इस मैदान पर जो चार टेस्ट हारे हैं उनमें से दो बार टीम को पारी से हार मिली है। विराट एंड कंपनी के लिए ये आंकड़े वाकई में चिंताजनक है।