एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला का अंतिम संस्कार आज मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट पर किया जाएगा। 40 साल के सिद्धार्थ का गुरुवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया था। सिद्धार्थ की बॉडी 11 बजे तक उनकी फैमिली को देना था, फाइनल प्रोसेस में देर होने कि वजह से सिद्धार्थ का शव दोपहर 1 बजे फैमिली को मिल सका। 2 बजे के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सिद्धार्थ की तबीयत बुधवार रात बिगड़ गई थी। गुरुवार सुबह जब वे नहीं उठे तो फैमिली डॉक्टर को बुलाया गया था। डॉक्टर की सलाह पर उनकी बहन प्रीती और बहनोई कूपर अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिस वक्त सिद्धार्थ घर में बेसुध थे, उस वक्त शहनाज भी वहां मौजूद थीं।
मौत से ठीक एक दिन पहले सिद्धार्थ शुक्ला का मूवमेंट आम दिनों के मुकाबले अलग था। वे अक्सर डिनर घर पर ही अपनी मां के साथ करते थे। बुधवार की रात उन्होंने वह भी नहीं किया। सिर्फ छाछ पी और कुछ फ्रूट्स खाए। फिर तीन घंटे टीवी और मोबाइल पर शोज देखे। रात ढाई बजे मां से पानी मांगा और पानी पीकर सोने चले गए। सुबह साढ़े सात बजे उनकी मां ने कमरे में उन्हें पीठ के बल सोया पाया। सिद्धार्थ अक्सर करवट लेकर सोया करते थे। कुछ देर बाद अजीब महसूस होने पर मां ने डॉक्टर को बुलाया।