पिछले वर्ष लॉकडाउन के दौरान दूसरे प्रदेशों से पलायन कर घर लौट रहे मजदूरों की मदद करने वालों को सरकार अब सम्मानित करेगी। रायपुर पुलिस परेड मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इन्हें सम्मानित करने वाले हैं। इनके साथ ही डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों को भी कोरोना काल में उनकी सेवाओं के लिए प्रशस्तिपत्र दिया जाएगा।
रायपुर की मंजीत कौर बल को सम्मान
रायपुर जिला प्रशासन ने सम्मान पाने वालों की जो सूची तैयार की है, उसमें समर्थ चेरिटेबल ट्रस्ट की मंजीत कौर बल को शामिल किया गया है। मंजीत और उनकी संस्था ने कोरोना की रोकथाम के लिए जागरुकता फैलाने से लेकर पलायन कर रहे मजदूरों की घर वापसी में मदद की। उनके लिए राहत शिविरों का संचालन किया। युवा पहल स्वयं सेवी संस्था के राहुल शर्मा को भी सम्मानित किया जाना है। राहुल ने पिछले साल रेड जोन घोषित टाटीबंध में 14 दिनों तक लगातार पलायन कर महाराष्ट्र आदि से आ रहे मजदूरों के लिए भोजन और इलाज की व्यवस्था कराई। दूसरी लहर के भीषण संकट के दौरान 800 लोगों को अस्पताल छोड़ा। वहीं 200 से अधिक शवों को श्मशान तक पहुंचाया।
कोरोना काल की सेवाओं के लिए ही संदीप सिरमौर, विकास अग्रवाल, बलविंद सिंह अरोरा, बलजीत सिंह चावला और तीरथ साहू को भी सम्मानित किया जाएगा। कोरोना काल में लोगों की मदद के लिए इन स्वयंसेवकों को विधायकों ने नामित किया था। कोरोना काल के दौरान महत्वपूर्ण उपकरण आदि प्रदान करने के लिए अजीम प्रेम जी फाउंडेशन फॉर डेवलपमेंट रायपुर के सुनील शाह और सी.जी.एम. एन.एम.डी.सी. लिमिटेड हैदराबाद के पंकज शर्मा को भी सम्मानित किया जाएगा।