अफगानिस्तान अब धीरे-धीरे पूरी तरह से तालिबान के कब्जे में जाता हुआ दिख रहा है। राजधानी काबुल से अब 20 किलोमीटर की दूरी पर तालिबान सरकारी सेना से दो-दो हाथ कर रहा है।
तालिबान से जुड़े एक और भरोसेमंद सूत्र के मुताबिक तालिबान ने चारों तरफ से काबुल को घेर लिया है। पूर्व में वो खाक जबर के पास है, जो काबुल प्रांत का ही एक जिला है। पश्चिम में वो अरघंडी में है, जो काबुल के शहरी इलाके से लगा है। उत्तर में वो काराबाग में है, जो काबुल प्रांत का एक जिला है। दक्षिण में वो चार असयाब में है, जो काबुल का एक जिला है।
तालिबान चाहे तो अब कुछ दिन में ही काबुल पर कब्जा कर सकता है। जनरल समी सादाद को काबुल की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है।
फरयाब सेंट्रल जेल से 500 से अधिक कैदियों को छुड़ाया
इस समय मजार-ए-शरीफ में भीषण लड़ाई चल रही है। कई तरह के दावे हैं। लेकिन यदि तालिबान मजार में कामयाब हुआ तो ये तय है कि और कोई तालिबान का मुकाबला नहीं कर पाएगा। तालिबान ने कमांडर अता नूर और मार्शल दोस्तम के लड़ाकों को ललकारा है।
इसी बीच तालिबान ने आज फरियाब की राजधानी मैमाना पर चारों तरफ से हमला किया है। तालिबान ने फरयाब सेंट्रल जेल से 500 से अधिक कैदियों को छुड़ाने का दावा भी किया है।
आज तालिबान ने पक्तिका पर कब्जा करने के बाद पाकिस्तान से लगी सीमा चौकी पर भी कब्जा कर लिया। तालिबान ने एक तस्वीर जारी की है और दावा किया है कि मजार-ए-शरीफ में तालिबान ने अता नूर और उनके लड़ाकों को घेर लिया है। वहीं कमांडर अता नूर से जुड़े एक करीबी सूत्र ने बताया है कि तालिबान को यहां लड़ाई में भारी नुकसान हो रहा है।