छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने अंतरराज्यीय बांग्लादेशी चोर गिरोह का खुलासा किया है। इस गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपी दुर्ग-भिलाई ,राजनांदगांव, मुम्बई, राजस्थान सहित बेंगलुरु में करीब 3 किलो सोने की चोरी कर चुके हैं। आरोपियों से सोने-चांदी के आभूषण समेत 25 लाख रुपए का सामान बरामद किया गया है।
फर्जी आईडी बनाकर राज्यों में होते थे दाखिल
दुर्ग एसपी प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि अंतरराज्यीय बांग्लादेशी चोर गिरोह का मास्टरमाइंड शुकुर अली लोगों को चोरी के लिए हायर किया करता था। इसके बाद वो उनका फर्जी आईडी बनवाता था। फिर वो-वो अलग अलग राज्यों में सदस्यों को चोरी के लिए भेज दिया करता था। इसके अलावा वो गिरोह के सदस्यों को घटनास्थल का नक्शा भी दे देता था। आरोपी शुकुर अली से दुर्ग घटनास्थल का नक्शा भी बरामद किया गया है। इन सभी आरोपियों को बेंगलुरु, राज्स्थान और मुंबई से गिरफ्तार किया गया है।
बंगाल के रहने वाले हैं सभी
पुलिस ने इन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें शेख अकरम कासेम (30), शुकुर अली शेख (37), जिन्नोट शेख उर्फ अजहर शेख उर्फ गोबेट उर्फ शफिजुल उर्फ बाघ (26), साहिल पोरे ऊर्फ रिजु (24) एवं समत खान ऊर्फ अभिजीत मंडल (23) सभी पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। आरोपियों से करीबन 411 ग्राम सोने की सिल्ली, सोने के आभूषण करीबन 50 ग्राम, 15 मोबाइल, करीबन 18 फर्जी आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, अलग-अलग बैकों के ATM कार्ड और पासबुक सब मिलाकर करीब 25 लाख रूपए का सामान जब्त किया गया है।