राजौरी में गुरुवार रात भाजपा नेता जसबीर सिंह के घर आतंकियों ने ग्रेनेड अटैक किया। इस हमले में जसबीर और उनके 4 परिजन गंभीर रूप से घायल हैं। सबसे दुखद बात ये कि इस हमले में 2 साल के वीर सिंह की जान चली गई। वीर जसबीर का भतीजा था। अस्पताल में भर्ती जसबीर को अब तक ये नहीं पता कि वीर अब दुनिया में नहीं है। वीर की मां स्वर्णा देवी सुधबुध खो चुकी है, कुछ बोलने की स्थिति में ही नहीं है।
भास्कर जब जसबीर के घर पहुंचा तो नन्हें वीर की बॉडी के चारों और घरवाले बैठे थे। हर ओर सिसकारियां और गम का साया पसरा था। बुआ चीख-चीखकर सबसे पूछ रही थीं कि आखिर उनके लाडले का क्या कसूर था। सबसे कह रही थीं- वीर भूखा सोया था, मां उसकी पसंद के आलू के चिप्स बनाने गई थी। उठाकर बेटे को खिला पाती, उससे पहले ही हमला हो गया। हमारा लाडला सो रहा था, सोता ही रह गया.. अब हमेशा के लिए सो गया।
बुआ ने रोते हुए कहा, ‘मेरे भाई का, मेरे परिवार का इंसाफ हो। अगर ये देशद्रोही मर्द थे तो सामने से वार करते, पीठ पीछे खंजर क्यों घोंपा। इन लोगों ने मेरा परिवार खत्म हो गया। बच्चा छलनी हो गया, उसने यहीं दम तोड़ दिया। मेरे बच्चे के साथ क्या दुश्मनी थी। भगवान इंसाफ करेगा, हमने अपना बच्चा खो दिया।’
जसबीर के भाई बलबीर सिंह कहते हैं कि सुरक्षा बढ़ाई जानी चाहिए। इस बात की भी जांच होनी चाहिए कि यहां पर हमले के वक्त कितनी सुरक्षा थी।