चेक बाउंस केस में तिहाड़ जेल में बंद राजपाल यादव का एक वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो के साथ दावा किया गया कि एक्टर को बेल मिल चुकी है, जिसके बाद उन्होंने सलमान खान को शुक्रिया किया है। हालांकि ये दावा गलत है। वायरल हो रहा वीडियो काफी पुराना है।
वहीं, बॉम्बे टाइम्स से बातचीत में राजपाल की पत्नी राधा यादव ने भी इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “फिलहाल वह तिहाड़ जेल से बाहर नहीं आए हैं। जमानत पर सुनवाई 16 फरवरी को तय है।”
बता दें कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में राजपाल यादव कह रहे हैं, ‘सलमान भाई बड़े भाई की तरह हैं। सलमान भाई के साथ घर में बैठकर, उनके साथ बहुत खुशी महसूस हो रही है। सलमान भाई जैसे इंसान अपनी इंडस्ट्री में बहुत कम हैं। वो हमेशा लोगों के लिए खड़े रहते हैं। और हमने तो 20 साल से लगातार सलमान भाई के साथ 10-12 फिल्में की हैं। मैं पूरी तरह से राहत महसूस कर रहा हूं और उनके अच्छे की कामना करता हूं।’ इस वीडियो के साथ दावा किया गया कि राजपाल यादव को चेक बाउंस केस में जमानत मिली है, जिसके बाद उन्होंने आर्थिक मदद देने के लिए सलमान का शुक्रिया अदा किया है। हालांकि, फैक्ट चैक में सामने आया है कि ये वीडियो 8 साल पुराना है। ये वीडियो तब का है जब सलमान खान को काला हिरण शिकार मामले में बेल मिली थी। 2018 के इस वीडियो में राजपाल यादव सलमान की बेल पर बात कर रहे हैं न कि अपनी बेल पर।