अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पुरुषों के टी20 विश्व कप 2026 के लिए कमेंट्री पैनल का आधिकारिक एलान कर दिया है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए दुनियाभर के दिग्गज क्रिकेटरों और अनुभवी ब्रॉडकास्टर्स को कमेंट्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आईसीसी की ओर से जारी सूची में भारत से पांच बड़े नाम शामिल हैं। वहीं बांग्लादेश की टीम भले ही टी20 विश्व कप से बाहर हो गई हो, लेकिन उनके एक कमेंटेटर को कमेंट्री पैनल में जगह मिली है। अथर अली खान इस विश्व कप में बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। टी20 विश्व कप सात फरवरी से शुरू होकर आठ मार्च तक चलेगा और कुल 55 मुकाबले खेले जाएंगे।