भारतीय टीम के सामने आगामी टी20 विश्व कप में दो बड़े लक्ष्य हैं। पहला खिताब का बचाव करने वाली पहली टीम बनने का और दूसरा तीन बार टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बनने का। सूर्यकुमार यादव की अगुआई में टीम इंडिया इन दो लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए उतरेगी। आंकड़े भी बताते हैं कि भारत में वो दमखम है, जिससे टीम खिताब का बचाव करने में सफल रह सकती है।अक्तूबक 2023 से अब तक टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत का प्रदर्शन सिर्फ शानदार नहीं, बल्कि दबदबा कायम करने वाला रहा है। इस अवधि में भारत ने 48 मुकाबले जीते और सिर्फ आठ हारे हैं। सुपर ओवर को अलग कर दें तो भारत 3-0 से वहां भी अजेय रहा है।इसका सीधा संदेश है कि टीम इंडिया सिर्फ मैच नहीं जीत रही, बल्कि मैचों को नियंत्रित भी कर रही है। ऑस्ट्रेलिया इस दौरान दूसरी सबसे सफल टीम रही है, लेकिन 28 जीत और 13 हार का उनका रिकॉर्ड भारत से काफी पीछे है। यही अंतर भारत को बाकी टीमों से अलग करता है।