जोधपुर: शहर में वर्ष 2026 का पहला अंगदान (कैडेवरिक डोनेशन) हुआ, जब पाली जिले के 58 वर्षीय श्रमिक अन्नेसिंह के परिवार ने मानवता की अनूठी मिसाल पेश की. अन्नेसिंह के निधन के बाद परिवार ने अंगदान का नेक फैसला लिया. इससे गंभीर रूप से बीमार तीन रोगियों को नया जीवन मिला.
एम्स के कार्यकारी निदेशक प्रो. गोवर्धन दत्त पुरी ने बताया कि पाली के जोजावर (खोखरा) निवासी अन्नेसिंह को बेहोशी की हालत में 19 जनवरी को एम्स जोधपुर के आपातकालीन विभाग में लाया गया था. गहन चिकित्सा प्रबंधन के बावजूद न्यूरोलॉजिकल जांच में ब्रेनस्टेम रिफ्लेक्सिस (मस्तिष्क की प्रतिक्रिया) की अनुपस्थिति पाई गई. इसके बाद मेडिकल बोर्ड ने उन्हें ‘ब्रेन डेड’ घोषित कर दिया था. दुख की घड़ी में ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेशन टीम ने परिवार के साथ कई काउंसलिंग सत्र किए. विस्तृत चर्चा और भावनात्मक सहयोग के बाद परिवार ने अंगदान के लिए सहमति दी और अपने दुख को दूसरों के लिए जीवनरक्षक उपहार में बदलने का साहसिक विकल्प चुना. डॉ. पुरी ने बताया कि एम्स में यह 11वां अंगदान है. इसके लिए अन्नेसिंह के परिवार के प्रति एम्स प्रबंधन ने आभार जताया.