चीन में वैज्ञानिकों ने एक ऐसी ‘इलेक्ट्रॉनिक स्किन’ तैयार की है, जो रोबोट को न सिर्फ छूने का एहसास कराएगी, बल्कि उसे दर्द भी महसूस होगा। हॉन्गकॉन्ग की सिटी यूनिवर्सिटी के इंजीनियर युयु गाओ की लीडरशिप में तैयार यह स्किन ‘न्यूरोमॉर्फिक’ तकनीक पर बेस्ड है, जो बिल्कुल इंसानों के नर्वस सिस्टम की तरह काम करती है।
इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि अगर रोबोट को कोई नुकीली या गर्म चीज छुएगी, तो वह इंसान की तरह ही ‘रिफ्लेक्स एक्शन’ दिखाएगा और तुरंत अपना हाथ पीछे खींच लेगा। इससे रोबोट और उसके संपर्क में आने वाले इंसानों, दोनों की सुरक्षा बढ़ेगी।
चार परतों से बनी है स्किन, सिग्नल से पहचानती है दबाव
यह आर्टिफिशियल स्किन 4 एक्टिव लेयर से बनी है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, जब कोई इस स्किन को छूता है, तो यह उस स्पर्श को इलेक्ट्रिकल सिग्नल में बदल देती है। ये सिग्नल ठीक वैसे ही होते हैं, जैसे हमारी नसें दिमाग को सिग्नल भेजती हैं।
अगर दबाव हल्का है, तो रोबोट उसे सामान्य स्पर्श मानेगा और अपना काम जारी रखेगा, लेकिन जैसे ही दबाव एक तय लिमिट से ज्यादा होगा, रोबोट इसे ‘दर्द’ के रूप में पहचानेगा और फौरन प्रतिक्रिया करेगा।