दिल्ली में सेंट कोलंबा स्कूल के छात्र के सुसाइड मामले में नया खुलासा हुआ है। मृतक के पैरेंट्स ने गुरुवार को आरोप लगाया कि स्कूल के टीचर ने बच्चे का अपमान किया था।
पिता प्रदीप पाटिल का कहना है कि शौर्य के क्लासमेट्स के अनुसार 18 नवंबर को स्कूल में स्टेज पर डांस प्रैक्टिस के दौरान शौर्य फिसलकर गिर गया था। एक शिक्षक ने उसे डांट दिया। बेटे के रोने पर एक अन्य शिक्षक ने कहा- रो लो जितना रोना है, मुझे फर्क नहीं पड़ता।
पिता ने बताया कि घटना के समय प्रिंसिपल मौजूद थीं, पर किसी को नहीं रोका। 16 साल के छात्र शौर्य ने 18 नवंबर को राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन से कूदकर सुसाइड कर लिया था।
बुधवार को उन्होंने प्रिंसिपल, कोऑर्डिनेटर और दो शिक्षकों पर FIR दर्ज कराई। उनका आरोप है कि स्कूल लगातार मानसिक दबाव डालता था और पत्नी की शिकायतों पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।