व्यापार: अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (यूएसएफडीए) ने बताया कि दवा कंपनियां ग्लेनमार्क फार्मास्युटिकल्स और डॉ. रेड्डी लेबोरेट्रीज ने निर्माण संबंधी खामियों के कारण अपनी कुछ दवाओं को अमेरिका से वापस मंगाने का फैसला किया है। यूएसएफडीए की हालिया प्रवर्तन रिपोर्ट के मुताबिक, ग्लेनमार्क की अमेरिकी इकाई ग्लेनमार्क फार्मास्युटिकल्स इंक, यूएसए ने 26,928 पैक गर्भनिरोधक दवा वियोरेल (डेसोजेस्ट्रेल और एथिनाइल एस्ट्राडियोल) को वापस मंगाया है। यह दवा गोवा स्थित संयंत्र में बनी थी। इसे अशुद्धियों और गुणवत्ता में गिरावट के कारण 3 सितंबर 2025 को क्लास-2 रिकॉल के तहत वापस लिया गया। वहीं, डॉ. रेड्डीज लेबोरेट्रीज की अमेरिकी इकाई डॉ. रेड्डीज लेबोरेट्रीज इंक, प्रिंसटन (न्यू जर्सी) ने सक्सिनिलकोलाइन क्लोराइड इंजेक्शन की 571 शीशियां वापस मंगाई हैं। यह दवा सर्जरी के दौरान मांसपेशियों को आराम देने के लिए इस्तेमाल होती है। यूएसएफडीए के अनुसार, इस दवा में छह महीने की स्थिरता जांच के दौरान गुणवत्ता मानक से बाहर परिणाम मिले। कंपनी ने 26 सितंबर को क्लास-2 रिकॉल शुरू किया।