वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में अपने एक बयान में भारत और रूस को ‘चीन के हाथों खो देने’ की बात कही थी। जिसने वैश्विक कूटनीति में हलचल मचा दी थी, लेकिन अब उन्होंने अपने तेवर नरम करते हुए भारत के साथ रिश्तों को ‘खास’ बताया और कहा कि वह हमेशा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दोस्त रहेंगे। भारत द्वारा रूस से तेल खरीद और टैरिफ विवाद के बीच ट्रंप का यह बयान दोनों देशों के बीच तनाव को कम करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
ट्रंप का बदला रुख
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत में भारत-अमेरिका संबंधों को ‘विशेष’ बताया। उन्होंने कहा- ‘मैं हमेशा नरेंद्र मोदी का दोस्त रहूंगा. वह एक शानदार प्रधानमंत्री हैं, भारत और अमेरिका के बीच एक खास रिश्ता है। चिंता की कोई बात नहीं है। यह बयान तब आया है जब हाल ही में ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा था कि ‘लगता है हमने भारत और रूस को चीन के हाथों खो दिया है।