व्यापार : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में देश में जारी आर्थिक सुधारों की चर्चा की। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आयकर से लेकर यूपीआई तक का जिक्र किया। पीएम मोदी ने देश में हो रहे कर सुधारों के बारे में बोलते हुए बताया कि इससे लोगों का जीवन आसान बनाने में मदद मिली है। उन्होंने बताया कि देश में बड़े कर सुधार लागू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक सुधारों की बेहतर क्षमताओं के कारण लोगों की कर-मुक्त आय सीमा को बढ़ाकर 12 लाख रुपये प्रति वर्ष करने में मदद मिली है।
79वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार ने आयकर रिफंड में तेजी लाने और फेसलेस मूल्यांकन को लागू करने की दिशा में भी सुधार किए गए हैं। पीएम ने कहा, “हमने नागरिकों का जीवन आसान बनाने के लिए भी सुधार किए हैं। आयकर रिफंड, फेसलेस असेसमेंट, कर-मुक्त आय सीमा को बढ़ाकर 12 लाख रुपये प्रति वर्ष करना, ये सभी कर सुधारों का परिणाम हैं। किसी ने कभी सोचा भी नहीं था कि 12 लाख रुपये तक की आय पर कर से राहत संभव है। जब किसी राष्ट्र का सामर्थ्य बढ़ता है, तो उसके नागरिकों को लाभ होता है।”