व्यापार : भारतीय शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी जारी रही, दोनों प्रमुख सूचकांकों निफ्टी 50 और बीएसई सेंसेक्स ने शुरुआती बढ़त दर्ज की। यह सकारात्मक रुख संयुक्त राज्य अमेरिका और जापान के बीच हालिया व्यापार समझौते के बाद निवेशकों के विश्वास को मिले बड़े बढ़ावा के कारण आया। निफ्टी 50 इंडेक्स 77.60 अंक या 0.31 फीसदी की बढ़त के साथ 25,138.50 पर खुला। इसी तरह, बीएसई सेंसेक्स ने दिन की शुरुआत 242.85 अंक या 0.30 फीसदी की बढ़त के साथ 82,429.66 पर मजबूती के साथ की।
बाजार में डीआईआई की ओर से दिखा मजबूत निवेश
बैंकिंग और बाज़ार विशेषज्ञ अजय बग्गा ने बताया बताया, “टैरिफ अनिश्चितता और कमजोर मुनाफे की दोहरी चुनौतियों के बावजूद भारतीय बाज़ारों ने अहम समर्थन स्तर बनाए रखा है। जापान के साथ अमेरिका के सौदे से अमेरिका-भारत सौदे की उम्मीदें लगभग 15 प्रतिशत तक बढ़ गई हैं। यह शॉर्ट कवरिंग का एक बड़ा कारण हो सकता है और भारतीय बाजारों में सितंबर 2024 के सर्वकालिक उच्च स्तर को फिर से हासिल करने में मदद कर सकता है। आज का दिन सकारात्मक रहने की उम्मीद है, क्योंकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) की ओर से भारी निवेश ने लगातार विदेशी निवेशकों की निकासी को रोका है।”