मुंबई : ‘इक दिन बिक जाएगा, माटी के मोल, जग में रह जाएंगे, प्यारे तेरे बोल’। गायक मुकेश की आवाज में यह गाना लोगों को खूब भाया। उन्होंने अपने गानों से देश ही नहीं, विदेशों में भी लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाई। उन्होंने ‘जीना यहां मरना यहां’, ‘दुनिया बनाने वाले क्या तेरे मन में समाई’, ‘दोस्त-दोस्त न रहा’, और ‘मेरा जूता है जापानी’ जैसे मशहूर गाने गाए। भले ही मुकेश इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन वह अपने गानों के जरिए लोगों के दिलों में जिंदा हैं। आज मुकेश की जयंती है। ऐसे में आइए जानते हैं मुकेश से जुड़े कुछ अनसुने किस्से।
मुकेश को इंजीनियर बनाना चाहते थे पिता
मुकेश बचपन से ही गायक बनना चाहते थे। उन्होंने मैट्रिक तक ही पढ़ाई की। पढ़ाई के दिनों में वह स्कूल के कार्यक्रमों में गाया करते थे। मुकेश के पिता जोरवर चंद माथुर, मुकेश को सिविल इंजीनियर बनाना चाहते थे। इसलिए उन्होंने मुकेश की नौकरी पीडब्ल्यूडी में लगवा दी। हालांकि मुकेश के मन में गायक बनने का सपना जिंदा रहा। एक दिन उन्होंने अखबार में देखा कि मुंबई में कलाकारों की भर्ती निकली है। इसके बाद वह मुंबई चले गए। मुंबई पहुंचकर मुकेश को पांच साल बाद कामयाबी मिली।