Google Analytics Meta Pixel
शक्तिश्री : छात्राओं की सुरक्षा के लिए ओडिशा सरकार की आठ सूत्री पहल

शक्तिश्री : छात्राओं की सुरक्षा के लिए ओडिशा सरकार की आठ सूत्री पहल

भुवनेश्वर: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को छात्राओं की सुरक्षा के लिए ‘शक्तिश्री’ योजना लॉन्च की. इस आठ सूत्री पहल में कॉलेजों में सुरक्षा सशक्तिकरण प्रकोष्ठों का गठन शामिल है, जिनका प्रबंधन महिलाओं द्वारा किया जाएगा. कलेक्टर प्रत्येक संस्थान में 5 महिला सलाहकार (शक्ति आपा) नियुक्त करेंगे.

इसके अलावा उत्पीड़न या मानसिक परेशानी की सूचना देने के लिए 24×7 मोबाइल ऐप शुरू किया जाएगा. इस पहल में 6-दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य शिक्षा मॉड्यूल और मनोवैज्ञानिक सहायता के लिए राष्ट्रीय टेली-मानस (Tele-MANAS) हेल्पलाइन के लिंक भी शामिल हैं.

मुख्यमंत्री माझी ने कहा, “राज्य में लड़कियों की सुरक्षा के लिए आज ‘शक्ति श्री’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है. इसे राज्य के 16 विश्वविद्यालयों और 730 सरकारी तथा अनुदान प्राप्त कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए लागू किया जाएगा. भविष्य में, इस कार्यक्रम के माध्यम से हम सुनिश्चित करेंगे कि हमारी छात्राएं सुरक्षित रहें. विश्वविद्यालयों में भी लड़कियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा.”

उन्होंने कहा कि शक्ति श्री कार्यक्रमों को लागू करते समय 8 मुख्य बिंदुओं पर ध्यान देना होगा. मानसिक स्वास्थ्य के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा. शक्ति श्री ऐप कैंपस में 24 घंटे काम करेगा. एक आंतरिक समिति बनाई जाएगी. शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के लिए एक आचार संहिता विकसित की जाएगी. हर साल, सभी कॉलेज दिसंबर तक एक वार्षिक रिपोर्ट प्रदान करेंगे. सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी.”

मुख्यमंत्री माझी ने कहा, “शक्तिश्री कार्यक्रम हमारे परिसरों को हमारी बेटियों के लिए सुरक्षित, समावेशी और सशक्त बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है. यह सिर्फ एक योजना नहीं है – यह लैंगिक समानता और सम्मान के लिए एक आंदोलन है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *