जनता के लिये पुलिस करती है सभी चुनौतियों का सामना : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

जनता के लिये पुलिस करती है सभी चुनौतियों का सामना : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


मुख्यमंत्री ने महिला पुलिसकर्मियों को मिठाई खिलाकर दीं मंगलकामनाएं
मुख्यमंत्री उज्जैन पुलिस लाइन में आयोजित होली मिलन समारोह में हुए शामिल

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पुलिस सब प्रकार की चुनौतियों का सामना कर समाज को बेफिक्र होकर जीने का अनुकुल माहौल प्रदान करती है। पुलिस होली, दीपावली और अन्य त्यौहारों पर अपने घर से दूर रहकर अपनी संपूर्ण निष्ठा से समाज के प्रति अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करती है। उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मियों का समाज में विशेष सम्मान और महत्व है। बाबा महाकाल की नगरी में पुलिसकर्मियों के साथ होली खेलना हर्ष की बात है। पुलिस के लिए होली पर्व पर व्यवस्थाएं करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। पुलिस की सेवा के कारण ही सभी नागरिक हर्षोल्लास और आनंद के साथ होली का पर्व मनाते हैं। पुलिस, समाज की सुरक्षा के लिए एक अहम कड़ी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बातें शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित होली मिलन समारोह में कही।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कोविड के कठिन दौर में पुलिसकर्मियों द्वारा मैदान पर रहकर की गई सेवा देश के इतिहास में कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण है। हमें पुलिस पर गर्व हैं। पुलिसकर्मियों के स्वयं के मकान के लिए शासन ने प्रक्रिया आसान की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की एक विशेष पहचान बन रही है। प्रदेश ने इस बार अब तक का सबसे बड़ा 4 लाख 21 हजार करोड़ रूपये का बजट प्रस्तुत किया है। बजट में कोई भी नया कर नहीं लगाया गया है। पुलिसकर्मियों के लिए बजट में नए वाहनों की स्वीकृति, थानों के नवीन भवन, नक्सल प्रभावित क्षेत्र में समाज विरोधी ताकतों से सामना करने के लिए पर्याप्त सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *