वॉशिंगटन: अमेरिका में सड़क दुर्घटना के बाद कोमा में चली गईं 35 वर्षीय छात्रा नीलम शिंदे की परिवार भारत से पहुंच चुका है। परिवार ने सोमवार को कैलिफोर्निया के एक अस्पताल नीलम से मुलाकात की। परिवार के एक सदस्य के अनुसार, छात्रा अब भी कोमा में है, लेकिन उनकी हालत में सुधार के संकेत दिख रहे हैं। नीलन शिंदे के चाचा संजय कदम ने एनडीटीवी को बताया, “उसके मस्तिष्क पर दबाव कम हो गया है और हमारी सहमति के बाद उसकी सर्जरी की गई है।” कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी में पोस्ट-ग्रेजुएट स्टूडेंट नीलम शिंदे को 14 फरवरी को एक चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी थी। उनके मस्तिष्क में गंभीर चोट लगी थी, जिससे वह कोमा में चली गई थीं। इसके अलावा उनकी छाती, हाथ और पैर में फ्रैक्चर और चोटें आई थीं। उन्हें सैक्रामेंटो के पास यूसी डेविस मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है।