मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश में निवेश आकर्षित करने जाएंगे जापान
निवेश प्रोत्साहन के लिए 11 विभागों की 21 नीतियों पर कार्य जारी
फरवरी में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर समिट से पहले लागू होंगी नीतियां
ग्वालियर मेला और विक्रमोत्सव उज्जैन में मोटरयान करों में छूट के आदेश जारी
लोकमाता देवी अहिल्या को समर्पित केबिनेट 24 जनवरी को महेश्वर में होगी
युवा शक्ति मिशन के बाद प्रदेश में क्रियान्वित होगा गरीब कल्याण मिशन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद की बैठक के पहले मंत्रीगण को किया संबोधित
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि लोकमाता देवी अहिल्या बाई होलकर के 300वें जयंती वर्ष में प्रवेश पर उनको समर्पित मंत्रि-परिषद की अगली बैठक 24 जनवरी को महेश्वर में होगी। ग्वालियर मेला और विक्रमोत्सव उज्जैन में मोटरयान करों में छूट के आदेश जारी कर दिए गए हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ज्ञान (गरीब-युवा-अन्नदाता और नारी शक्ति) पर ध्यान के ध्येय वाक्य के क्रियान्वयन के अंतर्गत प्रदेश में आरंभ स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति मिशन की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शीघ्र ही गरीब कल्याण मिशन का क्रियान्वयन भी प्रदेश में आरंभ होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को मंत्रि-परिषद की बैठक के पहले मंत्रीगण को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों और निवेश प्रोत्साहन की दिशा में अगली रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव शहडोल में होने जा रही है। भोपाल में 24-25 फरवरी को होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में जापान भी कंट्री पार्टनर के रूप में भाग लेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की प्रदेश में निवेश आकर्षित करने के लिए 27 जनवरी से 1 फरवरी तक जापान यात्रा प्रस्तावित है।