गीता जयंती पर अमरकंटक में गीता महोत्सव का भव्य आयोजन
भोपाल : कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री श्री गौतम टेटवाल ने अमरकंटक में आयोजित गीता महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सांस्कृतिक पुर्नरुद्धार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मकर संक्रांति, विजयादशमी, रक्षाबंधन जैसे त्योहारों को पूरे उत्साह के साथ मनाने की परंपरा मुख्यमंत्री डॉ. यादव की दूरदर्शिता का परिणाम है। गीता जयंती का आयोजन इसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह आयोजन भारतीय संस्कृति के गौरव को पुनर्स्थापित करने का एक अनुकरणीय प्रयास है।
मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि श्रीमद् भगवद गीता मानव जीवन के लिए एक अद्वितीय आध्यात्मिक मार्गदर्शी ग्रंथ है। इसमें भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य वचनों के माध्यम से जीवन की हर समस्या का समाधान छिपा हुआ है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद गीता की महिमा को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। गीता के उपदेश न केवल आध्यात्मिक मार्ग को प्रशस्त करते हैं, बल्कि जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना करने का साहस भी प्रदान करते हैं।
मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे श्रीमद्भगवद गीता का नियमित पठन करें। उन्होंने कहा कि गीता का पाठ मानसिक विकारों को दूर करता है और जीवन में सकारात्मकता लाता है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन और गीता के उपदेश केवल धार्मिक दृष्टिकोण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं।