प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2 दिन के गुजरात दौरे का शनिवार को आखिरी दिन था। मोदी ने नर्मदा जिले के केवडिया में देश की पहली सी-प्लेन सर्विस की शुरुआत की। मोदी ने खुद सी-प्लेन की सफर किया। मोदी को लेकर सी-प्लेन ने दोपहर करीब 1 बजे केवडिया से उड़ान भरी और करीब 1.40 बजे साबरमती रिवर फ्रंट पर पहुंच गया। देश में आम आदमी के लिए सी-प्लेन की सुविधा देना मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट था।
एक तरफ का किराया 1500 रुपए
यह सर्विस नर्मदा जिले के केवडिया से अहमदाबाद के साबरमती रिवर फ्रंट तक शुरू की गई है। इसका किराया 1500 रुपए रखा गया है। सी-प्लेन से 200 किमी का सफर सिर्फ 40 मिनट में पूरा हो जाएगा, बाय रोड इतनी दूर तय करने में करीब 4 घंटे लग जाते हैं। सी-प्लेन पानी और जमीन पर लैंड कर सकता है। इसके लिए रनवे की जरूरत भी नहीं होती।