शस्त्र पूजन है हमारी प्राचीन परंपरा
महेश्वर में टेक्सटाइल टूरिज्म विलेज बनाया जायेगा
महेश्वर में बनेगा “अहिल्या लोक”
“दशहरा” पर्व पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महेश्वर में किया शस्त्र-पूजन
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि शस्त्र-पूजन हमारी प्राचीन परंपरा का हिस्सा है। शस्त्र आत्मरक्षा, अन्याय और शोषण के विरुद्ध जंग का प्रतीक है। शस्त्रों के भरोसे ही धर्म और देश की रक्षा की जा सकती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को लोकमाता अहिल्या बाई की कर्मभूमि महेश्वर में “दशहरे” के अवसर पर शस्त्र-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महेश्वर क्षेत्र में युवाओं को रोजगार देने के लिये इंडस्ट्रियल बेल्ट विकसित किया जायेगा। साथ ही यहां पर टूरिज्म विलेज भी बनेगा। महेश्वर में “अहिल्या लोक” भी बनाया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शस्त्र पूजन के लिये महेश्वर को इसलिये चुना गया, क्योंकि लोकमाता देवी अहिल्या सुशासन और लोक कल्याण का प्रतीक रही हैं। जनता की सुविधाओं को लेकर जनता की इच्छा, आकांक्षाओं के आधार पर सरकार चलाना ही सुशासन है। इसका लोकमाता देवी अहिल्या बाई सर्वोत्कृष्ट उदाहरण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अवैध शस्त्र जब्त करने वाले सब इंस्पेक्टर को 31 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि देने के साथ कार्यक्रम में भक्तिपूर्ण माहौल के लिये भजन मण्डली को भी एक लाख रूपये देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई ने सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर चलकर काम किया। अपने राज्य की सीमाओं को सुरक्षित रखने के लिए उन्होंने जनजातीय समाज से भी मदद ली। लोगों को रोजगार दिलाने के लिए देवी अहिल्याबाई ने औरंगाबाद, हैदराबाद, काशी एवं अन्य शहरों से कारीगरों को लाकर महेश्वर में बुनकरों को काम दिया और महेश्वरी साड़ी के नाम से देश में एक अलग पहचान बनाई। देवी अहिल्याबाई ने नारी सशक्तिकरण के लिए काम किया है। उन्होंने महिलाओं के लिए नर्मदा तट पर अलग घाट बनाये। लोकमाता अहिल्याबाई ने अपने प्रियजनों के दिवंगत हो जाने के बाद भी जनता के अभिभावक के रूप में पूरी कुशलता के साथ अपने राज्य को चलाया। देवी अहिल्या के सिद्धांतों पर चलकर ही प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी भी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना को लेकर काम कर रहे हैं और देश को निरंतर उन्नति की ओर ले जा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश आज एक अलग पहचान बना रहा है। यह हमारा सौभाग्य है कि हमें प्रधानमंत्री श्री मोदी के रूप में एक सशक्त नेतृत्व मिला है।